पूर्व कृषि मंत्री एकनाथ खडसे का कटा टिकट, पार्टी ने बेटी को दी तवज्जो

पूर्व कृषि मंत्री एकनाथ खडसे का कटा टिकट, पार्टी ने बेटी को दी तवज्जो
महाराष्ट्र में इस समय चुनावी सरगर्मी अपनी चरम सीमा पर है। सभी पार्टियों ने चुनाव कि तैयारी लगभग पूरी कर ली है। ज्ञात रहे महाराष्ट्र मे बीजेपी और शिवसेना की गठबंधन वाली सरकार थी। इस बार होने विधानसभा चुनाव में भी दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन को लेकर काफी खींचातानी हुई थी जिसके बाद दोनों पार्टी गठबंधन को लेकर सहमत हो गई थी। भारतीय जनता पार्टी अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर चुकी है। जिसमें कई नाम कटे हैं तो कई नए शामिल हुए हैं। इसी बीच महाराष्ट्र में बीजेपी की ओर से राजनीति में बड़ा कद रखने वाले पूर्व कृषि मंत्री रहे एकनाथ खडसे का टिकट पार्टी ने काट दिया है।
एकनाथ के बदले बीजेपी ने उनकी बेटी रोहिणी को बनाया उम्मीदवार
एकनाथ के स्थान पर पार्टी ने उनकी बेटी रोहिणी खडसे को उम्मीदवार बनाया है। ज्ञात रहे एकनाथ खडसे 1991 से महाराष्ट्र के मुकताइनगर से चुनाव लड़ रहे हैं। देवेंद्र फडनवीस सरकार में एकनाथ खडसे को रेवेन्यू मंत्री ओर कृषि मंत्री बनाया गया था, लेकिन अनियमिताओं के चलते उनको मंत्रालय से हटा दिया गया था। सरकार में मंत्री रहने के दौरान एकनाथ खडसे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे जिसके बाद उन्होने 2016 में मंत्रीपद से इस्तीफा दे दिया था।
तब से पार्टी उनसे खुश नहीं है। इसलिए इस बार महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने खडसे को दरकिनार कर दिया और उनकी बेटी रोहिणी खडसे को मुक्ताईनगर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है पार्टी ने एकनाथ को पहले ही साफ कर दिया था कि इस बार उनको टिकट नहीं मिलेगा, लेकिन वो भी इस बार शांत नहीं बैठे और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में मुक्ताइनगर से आवेदन कर चुके हैं। ज्ञात रहे 21 अक्तूबर को महाराष्ट्र में चुनाव होने हैं।
कौन है रोहिणी खडसे : रोहिणी खडसे भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एकनाथ खडसे की बेटी है। रोहिणी पेशे से एक वकील है, लेकिन इसी के साथ वो राजनीति में भी काफी समय से सक्रिय हैं। रोहिणी खडसे ने बी.कॉम करने के बाद पुणे से लॉं की डिग्री हासिल की। आमतौर पर वह सामाजिक कार्यो में काफी सक्रिय है। इसी के साथ क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व भी कर रही हैं।