मुख्यमंत्री के विधान सभा क्षेत्र में धान के तौल में पकड़ी गई गड़बड़

मुख्यमंत्री के विधान सभा क्षेत्र में धान के तौल में पकड़ी गई गड़बड़ छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के संयोजक राजकुमार गुप्त ने डा. प्यारेलाल साहू, ध्रुव बंछोर, कोमल साहू, रोमलाल साहू के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विधान सभा क्षेत्र पाटन के सेलूद, फेकारी, कुम्हली, जामगांव, बटरेल, बेल्हारी, टेमरी, भरर मर्रा में धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया।
एक धान खरीदी केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक मशीन से तौल किया जा रहा था लेकिन निर्धारित वजन से एक किलो अधिक धान की तौल की जा रही थी, इस केंद्र में प्रतिदिन 3 हजार कट्टा धान की तौल की जाती है इस प्रकार रोज किसानों को 75 हजार रुपये का नुकसान हो रहा है,
एक अन्य धान खरीदी केंद्र में परंपरागत तराजू से तौल किया जा रहा था, तौल देखने में तो सही लगता था लेकिन जब तराजू में बांट और धान के कट्टे को पल्ले को बदलकर देखा गया तब एक किलो धान अधिक तौल करने का मामला उजागर हुआ, इस खरीदी केंद्र में प्रतिदिन 4 हजार कट्टों की तौल में किसानों को एक लाख रुपये का चूना लगाया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन ने समिति प्रबंधकों को चेतावनी दी कि तौल में डंडी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, भविष्य में ऐसा करते पाये जाने पर शिकायत दर्ज की जाएगी।
दो दिन की बारिश के कारण तीन दिन खरीदी बंद रहने का दुष्प्रभाव खरीदी केंद्रों में दिखाई दिया, इन दिनों जिन किसानों का टोकन था वे समिति में अगली तारीख के लिए चक्कर काट रहे थे, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील किसान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने समिति प्रबंधकों को सभी प्रभावित किसानों का धान खरीदी करने के बारे में बताया।